Thursday 9 May 2013

पाकिस्‍तानी कैदी सनाउल्‍लाह रंजय की चंडीगढ़ के अस्‍पताल में मौत










चंडीगढ़ : जम्मू की एक जेल में गत सप्ताह हमले में घायल हुए पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह रंजय की चंडीगढ़ के अस्पताल में गुरुवार सुबह मौत हो गई। यह जानकारी चिकित्सकों ने दी। 

सनाउल्लाह की चंडीगढ़ स्थित पोस्ट-गै्रजुएट इंस्टीट्युट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) में सुबह लगभग आठ बजे मौत हो गई। उसकी हालत पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक नाजुक बनी हुई थी और बुधवार से उसके गुर्दो ने काम करना बंद दिया था। 

उसे उपचार के लिए शुक्रवार को जम्मू से चंडीगढ़ लाया गया था तथा तब से वह गहरे कोमा में था। वह जम्मू की कोट बलवाल जेल में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था। उस पर भारतीय कैदी ने बीते शुक्रवार को हमला कर दिया था। 

अधिकारियों के मुताबिक, उसकी मौत की जानकारी केंद्र सरकार को दे दी गई है और इसके बाद यह सूचना दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग को दिए जाने की सम्भावना है। चिकित्सकों ने बताया कि मंगलवार को उसे पीलिया और अन्य आंतरिक संक्रमण होने की पुष्टि हुई थी।

सनाउल्लाह के परिवार के दो सदस्य मंगलवार को पाकिस्तान से भारत आए थे। उन्होंने भारत सरकार से उसे स्वेदश जाने देने का अनुरोध किया था। सनाउल्लाह पर यह हमला पाकिस्तानी के लाहौर स्थित कोट लखपत जेल में जानलेवा हमले में घायल हुए भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की मौत के अगले दिन हुआ था।

गौर हो कि सनाउल्लाह को 1999 में गिरफ्तार किया गया था और उसे टाडा प्रावधानों में उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी।

No comments:

Post a Comment