Thursday 4 April 2013

मुंबई से सटे ठाणे में 7 मंजिला इमारत गिरी, 29 की मौत

















ठाणे। मुंबई से सटे ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में गुरुवार को 7 मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में 29 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए हैं। फायर ब्रिगेड के अनुसार हादसा शाम पांच बजकर 45 मिनट पर हुआ। मुंब्रा के लकी कंपाउंड में स्थित यह इमारत अवैध थी, जिसमें ऊपरी मंजिलों पर निर्माण कार्य चल रहा था। 

इसके बावजूद लोग इसमें रहने आ गए थे। ठाणे नगर निगम के पीआरओ संदीप मालवी ने कहा कि यह एक अवैध इमारत थी। बिल्डर के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है। जमील खान और नफीज कुरैशी नाम के दो कॉन्ट्रैक्टर दो महीन से गैरकानूनी तरीके से इमारत बना रहे थे। आरोप है कि दोनों ने एक प्लॉट पर दो बहुमंजिला इमारत बनाई, जो मूल रूप से किसी आदिवासी के नाम दर्ज है। हादसे के कई घंटे बाद भी किसी भी शख्स की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर 10 स्कूली बच्चे कोचिंग क्लास अटेंड कर रहे थे। जिन लोगों को मलबे से बचाया जा सका है, उनमें ज्यादातर मजदूर हैं, जो छठी और सातवीं मंजिल पर काम कर रहे थे। 

राहत और बचाव के काम में लगे स्थानीय नागरिक सैयद सादिक ने बताया, 'हादसे की शिकार इमारत की पांचवीं मंजिल तक लोग रह रहे थे। उससे ऊपर की मंजिलों पर निर्माण कार्य चल रहा था। कई लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं।' हादसे के बाद नगर निगम कमिश्नर आरए राजीव और पुलिस अफसर केपी रघुवंशी मौके पर पहुंचे थे। हादसे के बाद आसपास की इमारतों को लोगों ने खाली कर दिया।

No comments:

Post a Comment