Thursday, 18 July 2013

मिड-डे मील में जहर विपक्ष की साजिश हो सकती है: शिक्षा मंत्री

पटना।। बिहार सरकार ने बच्चों की मौत मामले को विपक्षी दलों की साजिश करार दिया है। राज्य के शिक्षा मंत्री पी. के. शाही ने बुधवार को कहा कि शुरुआती जांच के दौरान यह स्पष्ट है कि मिड-डे मिल में जहर मिला हुआ था और यह फूड पॉइजनिंग का मामला नहीं है। विपक्षी पार्टी आरजेडी का नाम लिए बिना शाही ने कहा कि गांववालों ने बताया कि एक पार्टी विशेष के सक्रिय कार्यकर्ता अर्जुन राय के किराना दुकान से स्कूल में सामग्री की सप्लाई की जाती है। अर्जुन राय उस स्कूल की प्रभारी हेड मिस्ट्रेस मीना देवी के पति हैं। इसके अलावा राय मशरख में पार्टी विशेष के प्रभावशाली माने जाने वाले ध्रुव राय के चचेरे भाई हैं और वह एक बडे़ राजनेता के करीबी हैं। 

शाही ने बताया कि मीना देवी 2011 में इस स्कूल में प्रतिनियुक्त होने से पहले बहुआरा मिडल स्कूल में कार्यरत थीं और उनकी प्रतिनियुक्ति मशरख प्रखंड के तत्कालीन शिक्षा पदाधिकारी प्रबोध कुमार ने की थी। शाही ने कहा कि ऐसी अपुष्ट सूचना है कि उनकी प्रतिनियुक्ति किसी राजनीतिक दबाव के अंतर्गत की गई थी। शाही ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से यह पूछा है कि वह बताएं कि अर्जुन और ध्रुव राय कौन हैं। इस बीच छपरा में मिड-डे मील खाने से 27 बच्चों की मौत के बाद हंगामा थमा भी नहीं है कि गया और मधुबनी में भी मिड डे मील मासूमों पर कहर बनकर टूटा। गया में बुधवार को मिड डे मील खाने से एक बच्चे की मौत हो गई और 22 बीमार हैं। दूसरी तरफ मधुबनी में भी मिड डे मील खाने से 50 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई है। इनमें से सात बच्चों को तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती काराया गया है। 

उधर, महाराष्ट्र के एक स्कूल में भी 31 बच्चों के मिड-डे मील खाने के बाद बीमार पड़ने की खबर है। मधुबनी से 22 किलोमीटर दूर बिस्फी के नवटोलिया मिडल स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 50 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि बच्चों को दिए जाने वाले खाने में छिपकली गिर गई थी, लेकिन इसके बावजूद स्कूली छात्रों को खाना परोसा गया। मिड-डे मील खाने के बाद स्कूल के बच्चों को पेट दर्द और उल्टी होने लगी। इसके बाद डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल सभी बच्चों को हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सात बच्चों के अलावा सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उधर, महाराष्ट्र के धुले में एक म्यूनिसिपल स्कूल के कई बच्चे मिड-डे मील खाने का बाद बीमार हो गए हैं। 30 से अधिक बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि मंगलवार को बिहार के छपरा जिले में मिड-डे मील खाने से 27 बच्चों की मौत हो गई।

 इसके साथ ही 28 बच्चे अभी भी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। इनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। छपरा में हुई घटना के बाद से लोगों में जबर्दस्त गुस्सा है। लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ उग्र विरोध-प्रदर्शन करते हुए कई जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी की। छपरा में एक पुलिस वैन को भी आग के हवाले कर दिया गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर अफसोस जताते हुए हुए कमिश्नर और आईजी को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, आरजेडी और बीजेपी ने इसे प्रशासन की लापरवाही करार देते हुए मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार का इस्‍तीफा मांगा है। गौरतलब है कि इस मामले के सामने आने के बाद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मीडिया से मुखातिब नहीं हुए हैं।

Tuesday, 16 July 2013

मोदी की भद्दी भाषा के इस्तेमाल से भाजपा को नहीं मिलेंगे वोट: नीतीश

पटना: बुर्का और कुत्ते के पिल्ले संबंधी टिप्पणियों की निंदा करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि ऐसी भद्दी भाषा का इस्तेमाल करने से भाजपा को वोट नहीं मिलेंगे और इससे केवल माहौल ही दूषित होगा। गुजरात के मुख्यमंत्री की कुत्ते के पिल्ले और बुर्का संबंधी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नीतीश ने पत्रकारों को बताया कि ऐसी भद्दी भाषा के इस्तेमाल से चुनावों में भाजपा को नुक्सान होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी जहरीली भाषा पर अन्य नेताओं की ओर से भी ऐसी प्रतिक्रिया व्यक्त की जाएगी जिससे देश में शांति और सौहार्द नष्ट हो जाएगा।

भाजपा के साथ जदयू के 17 साल पुराने गठबंधन की ओर इशारा करते हुए नीतीश ने कहा हमारा गठबंधन कुछ बुनियादी बातों पर हुआ था। गठबंधन का जो सबसे बड़ा दल (भाजपा) था उसके द्वारा उठाए गए कदम हमें मंजूर नहीं थे इसलिए हमने गठबंधन को तोडऩे का कदम उठाया। भाजपा द्वारा मोदी को चुनाव अभियान समिति प्रमुख बनाए जाने पर उससे जदयू के नाता तोडऩे के कदम को उपयुक्त बताते हुए नीतीश ने नरेंद्र मोदी द्वारा की टिप्पणियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि पिछले तीन चार दिनों में जो बातें कही जा रही है वह हमारे लिये नए रुख को और मजबूत करती है।

Monday, 15 July 2013

पब में 100 स्कूली छात्र-छात्राओं को परोसे जा रहे थे शराब

pub
पुलिस और एक्साइड विभाग की टीम ने गुड़गांव में एमजी रोड के डीटी सिटी सेंटर मॉल के एक बार में रविवार को छापामारी के बाद पुलिस ने सौ से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं को पकड़ा। 'सेक्स ऐंड स्मोक' थीम के नाम से आयोजित पार्टी में छात्र-छात्राओं को न केवल वाइन सर्व की जा रही थी, बल्कि हुक्का भी मुहैया कराया गया था। सभी बच्चे शहर के नामी स्कूलों में पढ़ते हैं। बच्चों को पैरंट्स के हवाले कर दिया गया। नियमों के मुताबिक बार में स्कूली बच्चों व नाबालिगों की एंट्री ही नहीं हो सकती है। पुलिस ने बार मालिक व मैनेजर के खिलाफ सरकारी आदेशों की अवहेलना करने और एक्साइज ऐक्ट के तहत केस दर्ज किया। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि एमजी रोड के डीटी सिटी सेंटर में सेकंड फ्लोर स्थित एक बार में स्कूली बच्चों को वाइन सर्व की जा रही है और हुक्का भी मुहैया कराया जा रहा है। इस पर जॉइंट पुलिस कमिश्नर महेश्वर दयाल, डीसीपी साउथ राहुल शर्मा, एसीपी डीएलएफ भूपेंद्र सिंह, सेक्टर 29 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह की टीम ने बार में रेड की। इस दौरान एक्साइज की टीम भी साथ थी। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई में सौ से अधिक स्कूली बच्चे मिले। उनकी उम्र 15 से 20 साल के बीच है। सभी गुड़गांव के रहने वाले हैं और शहर के नामी स्कूलों में पढ़ते हैं। पुलिस ने बच्चों से ही फोन करवाकर उनके पैरंट्स को मौके पर बुलाया। एक्साइज विभाग की टीम ने यहां पर वाइन व तंबाकू के कुछ सैंपल लिए। करीब दो घंटे तक बार के मैनेजर, कर्मचारियों से पूछताछ की गई। सेक्टर 29 पुलिस थाने में बार के मालिक, मैनेजर व कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। एसीपी डीएलएफ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्चों को काउंसलिंग के बाद उनके पैरंट्स के हवाले कर दिया गया। इस पार्टी में शामिल सभी बच्चे सोशल साइट के माध्यम से एक दूसरे के संपर्क में थे। बार में आयोजित पार्टी का नाम 'सेक्स ऐंड स्मोक' रखा गया था। बच्चों के पैरंट्स प्रशासनिक अधिकारी, बिल्डर, डॉक्टर, इंजीनियर हैं। बताया गया कि सभी बच्चे मोबाइल, फेसबुक व वॉट्स ऐप के अलावा दूसरी सोशल साइटों के माध्यम से एक दूसरे से संपर्क में थे। इन बच्चों के चार-पांच ग्रुप थे। रविवार को दोपहर बाद से ही पार्टी चल रही थी। दो दिन पहले ही इस पार्टी के लिए बार को बुक किया गया था। इसके लिए मोटी रकम बार संचालकों को दी गई थी। आधी रकम एडवांस में ही दे दी गई थी। पार्टी का मेन्यू पहले ही निर्धारित कर लिया गया था। पुलिस की टीम जब बार में पहुंची सभी बच्चे शराब और हुक्के के नशे में धुत होकर डीजे पर थिरक रहे थे। पुलिस ने बच्चों के पैरंट्स से लिखवाकर लिया कि वह इस प्रकार की गलती दोबारा नहीं होने देंगे। इतनी बड़ी संख्या में एक बार से स्कूली बच्चों के पकड़े जाने का यह पहला मामला गुड़गांव में आया है। एसीपी डीएलएफ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने एक्साइज डिपार्टमेंट को बार को सील करने व लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की है।

Friday, 12 July 2013

जेल जाने से डरे लालू!

lalu prasad yadav
चारा घोटाले में बुरी तरह से फंसे लालू प्रसाद यादव पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है लेकिन लालू की राजनीति की खूबी यही है कि वह सबसे बुरे दौर को भी अपने फायदे के लिए भुनाने की कला में माहिर हैं। खतरे को भांपते हुए लालू ने प्लान ‘बी’ तैयार कर लिया है जिसके मुताबिक उन्होंने पार्टी की कमान रघुवंश प्रसाद सिंह को सौंपने की योजना बनाई है। 23 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट लालू की याचिका पर अगली सुनवाई करेगा। प्लान के मुताबिक लालू ने अपने कार्यकत्र्ताओं और समर्थकों से पूरे बिहार में वैसा ही माहौल बनाने का इशारा किया, जैसा माहौल 1997 में चारा घोटाले के सिलसिले में उनकी गिरफ्तारी के बाद राज्य में बना था।

लालू ने 5 जुलाई को राजद के स्थापना दिवस के मौके पर अपने कार्यकत्र्ताओं से कहा, ‘‘मुझे याद है कि जब मैं जेल जा रहा था तो लोग किस तरह रो रहे थे। बुरे दौर में पार्टी में कितनी एकता थी।’’ लालू ने यह बात झारखंड हाईकोर्ट के उस फैसले के बाद कही थी जिसमें हाईकोर्ट ने लालू की उस याचिका को खारिज कर दिया था जिसमें सी.बी.आई. कोर्ट के विशेष जज को हटाने की मांग की गई थी। पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक लालू राजद की बागडोर अपनी पत्नी की जगह परिवार के बाहर के किसी आदमी को सौंपेंगे। लालू ने तय कर लिया है कि अगर उन्हें चारा घोटाले में जेल जाना पड़ा तो उनकी जगह पार्टी का कामकाज बतौर कार्यकारी अध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह देखेंगे।

मीडिया पर कुछ पाबंदी की जरुरत: तिवारी

सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया में उपयोगकर्ता की पहचान गुप्त रखने का दुरूपयोग हो सकता है और इसलिए मीडिया के लिए कुछ नियम बनाने की जरुरत है । उन्होंने कहा कि साथ ही ध्यान रखना होगा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता गैर जरुरी रुप से बाधित नहीं हो। 

उन्होंने कहा, ‘‘कई लोग हैं जो निजता और पहचान छुपाने में भेद नहीं कर पाते। और वे पहचान गुप्त रखने का दुरुपयोग करते हैं ताकि हर तरीके का नफरत फैलाने वाला अभियान चलाया जा सके जिसका काफी नुकसान हो सकता है।’’ उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जो हांगकांग, मकाउ या बहामास में बैठा है वह भारत से संबंधित विषय वस्तु पोस्ट कर सकता है और भारत सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।

Thursday, 11 July 2013

मेट्रो में रोमांस करने वाले जोड़ों को खोजने में जुटी पुलिस, होगा केस

दिल्‍ली मेट्रो में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे से बने अश्‍लील एमएमएस का मामला तूल पकड़ने लगा है। डीएमआरसी उन जोड़ों के खिलाफ केस करेगी जिन्‍हें सीसीटीवी फुटेज में रोमांस करते देखा गया है। दोषी कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। मेट्रो की जांच समिति फुटेज में दिख रहे जोड़ों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज में से चेहरा तलाशने में जुटी है। समिति ने जोड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस से बातचीत भी कर ली है। मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक जोड़ों की तलाश के लिए पुलिस की मदद भी ली जा रही है। पकड़े जाने पर इनके खिलाफ सार्वजनिक स्‍थान या वाहन में अश्‍लील हरकत करने के आरोप में मामला दर्ज कराया जाएगा।
महिला आयोग ने सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज की एमएमएस क्लिप बनाए जाने के मामले को गंभीरता से लिया है। आयोग ने डीएमआरसी से दो हफ्ते के भीतर जवाब भी मांगा है। डीएमआरसी ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से लीक की गई पोर्न क्लिप मामले की जांच साइबर क्राइम सेल को सौंप दी है। इसके अलावा अपने स्तर पर भी सघन जांच कराने के आदेश दिए हैं।

Wednesday, 10 July 2013

गांधी परिवार देश को लूट रहा है: रामदेव

योग गुर बाबा रामदेव ने कहा कि उनके कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रचार करके लोगों से कांग्रेस के खिलाफ मतदान करने का आग्रह करेंगे जो कि उनके अनुसार देश को ‘‘लूट’’ रही है। रामदेव ने भाजपा नेता एवं गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्थन की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस और गांधी परिवार देश को लूट रहा है। कांग्रेस मोदी को साम्प्रदायिक करार देकर बदनाम कर रही है क्योंकि अगले चुनाव में वह राहुल गांधी से मुकाबला करने को तैयार है।’’ उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे युवा भारत कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रचार करेंगे और लोगों को कांग्रेस के खिलाफ मतदान करने के लिए समझाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि वह मोदी का इसलिए समर्थन कर रहे हैं क्योंकि देश के सामने कई मुद्दे हैं। हालांकि यह पूछे जाने पर क्या वह भाजपा का एक पार्टी के रूप में समर्थन करेंगे तो उन्होंने कोई सीधा उत्तर नहीं दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हम भाजपा को समर्थन देने के बारे में सोच सकते हैं यदि वह हमारी मांगों को अपने घोषणापत्र में शामिल करे।’’ रामदेव ने आशा जतायी कि जदयू नेता नीतीश कुमार राजग से अलग होने के अपने निर्णय पर पुनर्विचार करेंगे और चुनाव के बाद उसमें वापसी करेंगे। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि वह सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे से अलग नहीं हुए हैं और वह उनके ‘‘सम्पर्क’’ में रहेंगे।