Showing posts with label news. Show all posts
Showing posts with label news. Show all posts

Thursday, 11 July 2013

मेट्रो में रोमांस करने वाले जोड़ों को खोजने में जुटी पुलिस, होगा केस

दिल्‍ली मेट्रो में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे से बने अश्‍लील एमएमएस का मामला तूल पकड़ने लगा है। डीएमआरसी उन जोड़ों के खिलाफ केस करेगी जिन्‍हें सीसीटीवी फुटेज में रोमांस करते देखा गया है। दोषी कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। मेट्रो की जांच समिति फुटेज में दिख रहे जोड़ों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज में से चेहरा तलाशने में जुटी है। समिति ने जोड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस से बातचीत भी कर ली है। मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक जोड़ों की तलाश के लिए पुलिस की मदद भी ली जा रही है। पकड़े जाने पर इनके खिलाफ सार्वजनिक स्‍थान या वाहन में अश्‍लील हरकत करने के आरोप में मामला दर्ज कराया जाएगा।
महिला आयोग ने सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज की एमएमएस क्लिप बनाए जाने के मामले को गंभीरता से लिया है। आयोग ने डीएमआरसी से दो हफ्ते के भीतर जवाब भी मांगा है। डीएमआरसी ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से लीक की गई पोर्न क्लिप मामले की जांच साइबर क्राइम सेल को सौंप दी है। इसके अलावा अपने स्तर पर भी सघन जांच कराने के आदेश दिए हैं।

Tuesday, 9 July 2013

चीनी सेना का दुस्साहस, लद्दाख में घुसकर लोगों को दी धमकी, कैमरे तोड़े

नई दिल्ली। चीनी सेना ने एक बार फिर लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी सेक्टर के नजदीक चुमुर इलाके में घुसकर वास्तविक नियंत्रण रेखा का उल्लंघन किया है। चीनी सेना ने यहां पर भारतीय सेना द्वारा लगाए गए हाई रेजोल्यूशन कैमरों को भी तोड़ दिया और सेना द्वारा बनाए गए कुछ अस्थायी ढांचों को भी गिरा दिया। खुफिया विभाग द्वारा भारत सरकार को सौंपी गई इस रिपोर्ट की पुष्टि आईटीबीपी ने भी की है। पिछले तीन माह में दूसरी बार चीनी सेना ने इस तरह का दुस्साहस किया है। 

इससे पहले अप्रैल-मई में भी चीनी सेना ने दौलत बेग ओल्डी सेक्टर में घुसकर अपने कैंप स्थापित कर दिए थे। इतना ही नहीं उन्होंने वहां पर जो बोर्ड लगाया था उस पर लिखा था कि वह चीनी का सरहदी इलाका है और आप चीन में हैं। गौरतलब है कि भारतीय रक्षा मंत्री इन दिनों चीन की आधिकारिक यात्रा पर गए हुए हैं। 

इस दौरान होने वाली बातचीत में यह मुद्दा उठना भी तय माना जा रहा है। खुफिया रिपोर्ट में जानकारी दी गई है कि यह घटना 17 जून की है, चीनी सैनिकों ने चुमुर में लगे कैमरों को तोड़ दिया। यह कैमरे सीमा की निगरानी के लिए भारतीय सेना ने मई में स्थापित किए थे। करीब तीन सप्ताह पहले हुई इस घटना में चीनी सैनिकों ने वहां के स्थानीय लोगों को हिंदी में वह जगह तुरंत खाली करने को कहा। इस रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय सीमा में घुसे चीनी सैनिक अच्छी तरह से हिंदी जानते थे। उन्होंने वहां रह रहे स्थानीय लोगों से कहा कि वह जमीन उनकी है लिहाजा वह वहां से चले जाएं। गौरतलब है कि अप्रेल-मई में भी चीन की सेना ने दौलत बेग ओल्डी सेक्टर का रुख किया था। 

इस घटना से दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था। लेकिन भारतीय दबाव के बाद आखिरकार चीनी सैनिक वहां से हट गए थे। हालांकि भारत को चीनी सरकार की यह बात जरूर माननी पड़ी थी कि इस इलाके में भारतीय सैनिकों की भी मौजूदगी नहीं होगी। लिहाजा यहां पर भारतीय सैनिकों को गश्त भी नहीं लगाई जाती है। चुमुर में हुई ताजा घटना के बाद तीन जुलाई को दोनों देशों की सेना के बीच हुई फ्लैग मीटिंग में भारतीय सेना के उच्च अधिकारियों द्वारा भी यह मुद्दा उठाया गया और बतौर सबूत टूटे हुए कैमरों को भी पेश किया गया। 

भारत सरकार को इस बाबत खुफिया रिपोर्ट उस वक्त मिली जब सरकार उत्तराखंड में आई भीषण आपदा से जूझ रही थी। चीन के साथ लगातार बढ़ रहे विवाद से भारत और चीन के बीच खटास बढ़ती जा रही है। इससे पूर्व पाक अधिकृत कश्मीर में चीन द्वारा बनाई जाने वाली दो सौ किमी लंबी सुरंग भी भारत के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। वहीं चीनी सेना के मेजर जनरल ने भी कुछ दिन पहले अरुणाचल प्रदेश को अपना हिस्सा बताते हुए विवादों को हवा देने की कोशिश की थी।

Thursday, 4 July 2013

बहादुरी से लड़ रहे थे एसपी बलिहार, तभी गोलियां हुई खत्म और..

धनबाद, दुमका के काठीकुंड थाना क्षेत्र में पाकुड़ एसपी अमरजीत बलिहार अदम्य साहस का परिचय देते हुए नक्सलियों से काफी देर तक लड़ते रहे। अंतत: जब उनकी रिवॉल्वर की गोलियां खत्म हो गई तो नक्सली उन्हें मोर्चे से खींचकर ले गए और बेरहमी से मारा डाला। यह आंखों देखी कहानी शहीद एसपी के घायल अंगरक्षक लोबेनियस मरांडी ने बयां की है। वह अभी धनबाद केंद्रीय अस्पताल के गहन चिकित्सा केंद्र में भर्ती हैं। उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए अंगरक्षक ने बताया कि नक्सलियों ने अचानक सड़क के दोनों ओर से एसपी साहब की गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। शुरू में ही एक गोली अंगरक्षक चंदन थापा को लगी। स्थिति को भांपते हुए एसपी साहब खुद गाड़ी से उतर गए। उनके पीछे कवर फायरिंग करते हुए मैं भी गाड़ी से उतरा और साहब के साथ एक पेड़ के पीछे से नक्सलियों पर जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान नक्सलियों के एक जत्थे से एसपी साहब की मुठभेड़ चल रही थी। वह जत्था काफी नजदीक आ गया। जबकि दूसरा जत्था साहब की एस्कॉर्ट पार्टी को टारगेट कर गोली चला रहा था। थोड़ी देर में ही चारों ओर से गोली चलने लगी। जवाबी फायरिंग में साहब के रिवॉल्वर के साथ मेरे हथियार की भी गोली खत्म हो गई। इसी बीच एक गोली मेरे (मरांडी के) बाएं हाथ में लगी और मैं गिर गया। साहब भी मेरी हालत देखकर घबरा गए। धीरे-धीरे मेरी आंखें बंद होने लगीं। तभी अचानक आधा दर्जन नक्सली पेड़ के पास आ धमके और साहब को पकड़ लिया। उन्हें खींचते हुए ले गए। नक्सलियों की इस हरकत के बाद ही मेरी (मरांडी की) आंखें बंद हो गई। जब उसकी आंखें खुलीं तो खुद को अस्पताल में पाया।