Showing posts with label amar bhart news. Show all posts
Showing posts with label amar bhart news. Show all posts

Friday, 19 July 2013

मिड-डे मील जैसा होगा फूड सिक्‍योरिटी बिल का अंजाम

वाराणसी: योग गुरु रामदेव ने देश में शीर्ष स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार और घोटालों के लिए सीधे तौर पर कांग्रेसनीत संप्रग सरकार को दोषी ठहराया। वाराणसी में बुधवार संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने एक ओर गांधी परिवार की जमकर आलोचना करते हुए संप्रग सरकार को उखाड़ फेंकने के साथ देश बचाने की अपील की वहीं गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफों के पुल बांधते हुए उन्हें राष्ट्रवादी और विकासवादी व्यक्तित्व करार दिया। उन्होंने कहा कि वोट के लालच में आमजन को सस्ता गेहूं, चावल देने की घोषणाणों पर प्रहार करते हुए योग गुरु ने कहा कि सस्ते खाने की योजना का भी वही हाल होगा, जो मिड-डे-मील का हो रहा है।

भारत स्वाभिमान ट्रस्ट की युवा इकाई की गोष्ठी को संबोधित करने के पूर्व रामदेव ने कहा कि कांग्रेस ने क्रूरतापूवर्क लोकतंत्र एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म कर दिया है अथवा खत्म करने की कगार पर ला खड़ा किया है। यही नहीं बल्कि इस केंद्र सरकार ने निहित स्वार्थवश आईबी, रा, सीबीआई और एनआईए सहित सारी सुरक्षा एजेंसियों को आपस में ही लड़ा दिया है, जो भयवश कार्य करने से कतराने लगी हैं।

Thursday, 18 July 2013

मिड-डे मील में जहर विपक्ष की साजिश हो सकती है: शिक्षा मंत्री

पटना।। बिहार सरकार ने बच्चों की मौत मामले को विपक्षी दलों की साजिश करार दिया है। राज्य के शिक्षा मंत्री पी. के. शाही ने बुधवार को कहा कि शुरुआती जांच के दौरान यह स्पष्ट है कि मिड-डे मिल में जहर मिला हुआ था और यह फूड पॉइजनिंग का मामला नहीं है। विपक्षी पार्टी आरजेडी का नाम लिए बिना शाही ने कहा कि गांववालों ने बताया कि एक पार्टी विशेष के सक्रिय कार्यकर्ता अर्जुन राय के किराना दुकान से स्कूल में सामग्री की सप्लाई की जाती है। अर्जुन राय उस स्कूल की प्रभारी हेड मिस्ट्रेस मीना देवी के पति हैं। इसके अलावा राय मशरख में पार्टी विशेष के प्रभावशाली माने जाने वाले ध्रुव राय के चचेरे भाई हैं और वह एक बडे़ राजनेता के करीबी हैं। 

शाही ने बताया कि मीना देवी 2011 में इस स्कूल में प्रतिनियुक्त होने से पहले बहुआरा मिडल स्कूल में कार्यरत थीं और उनकी प्रतिनियुक्ति मशरख प्रखंड के तत्कालीन शिक्षा पदाधिकारी प्रबोध कुमार ने की थी। शाही ने कहा कि ऐसी अपुष्ट सूचना है कि उनकी प्रतिनियुक्ति किसी राजनीतिक दबाव के अंतर्गत की गई थी। शाही ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से यह पूछा है कि वह बताएं कि अर्जुन और ध्रुव राय कौन हैं। इस बीच छपरा में मिड-डे मील खाने से 27 बच्चों की मौत के बाद हंगामा थमा भी नहीं है कि गया और मधुबनी में भी मिड डे मील मासूमों पर कहर बनकर टूटा। गया में बुधवार को मिड डे मील खाने से एक बच्चे की मौत हो गई और 22 बीमार हैं। दूसरी तरफ मधुबनी में भी मिड डे मील खाने से 50 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई है। इनमें से सात बच्चों को तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती काराया गया है। 

उधर, महाराष्ट्र के एक स्कूल में भी 31 बच्चों के मिड-डे मील खाने के बाद बीमार पड़ने की खबर है। मधुबनी से 22 किलोमीटर दूर बिस्फी के नवटोलिया मिडल स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 50 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि बच्चों को दिए जाने वाले खाने में छिपकली गिर गई थी, लेकिन इसके बावजूद स्कूली छात्रों को खाना परोसा गया। मिड-डे मील खाने के बाद स्कूल के बच्चों को पेट दर्द और उल्टी होने लगी। इसके बाद डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल सभी बच्चों को हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सात बच्चों के अलावा सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उधर, महाराष्ट्र के धुले में एक म्यूनिसिपल स्कूल के कई बच्चे मिड-डे मील खाने का बाद बीमार हो गए हैं। 30 से अधिक बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि मंगलवार को बिहार के छपरा जिले में मिड-डे मील खाने से 27 बच्चों की मौत हो गई।

 इसके साथ ही 28 बच्चे अभी भी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। इनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। छपरा में हुई घटना के बाद से लोगों में जबर्दस्त गुस्सा है। लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ उग्र विरोध-प्रदर्शन करते हुए कई जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी की। छपरा में एक पुलिस वैन को भी आग के हवाले कर दिया गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर अफसोस जताते हुए हुए कमिश्नर और आईजी को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, आरजेडी और बीजेपी ने इसे प्रशासन की लापरवाही करार देते हुए मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार का इस्‍तीफा मांगा है। गौरतलब है कि इस मामले के सामने आने के बाद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मीडिया से मुखातिब नहीं हुए हैं।

Tuesday, 16 July 2013

मोदी की भद्दी भाषा के इस्तेमाल से भाजपा को नहीं मिलेंगे वोट: नीतीश

पटना: बुर्का और कुत्ते के पिल्ले संबंधी टिप्पणियों की निंदा करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि ऐसी भद्दी भाषा का इस्तेमाल करने से भाजपा को वोट नहीं मिलेंगे और इससे केवल माहौल ही दूषित होगा। गुजरात के मुख्यमंत्री की कुत्ते के पिल्ले और बुर्का संबंधी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नीतीश ने पत्रकारों को बताया कि ऐसी भद्दी भाषा के इस्तेमाल से चुनावों में भाजपा को नुक्सान होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी जहरीली भाषा पर अन्य नेताओं की ओर से भी ऐसी प्रतिक्रिया व्यक्त की जाएगी जिससे देश में शांति और सौहार्द नष्ट हो जाएगा।

भाजपा के साथ जदयू के 17 साल पुराने गठबंधन की ओर इशारा करते हुए नीतीश ने कहा हमारा गठबंधन कुछ बुनियादी बातों पर हुआ था। गठबंधन का जो सबसे बड़ा दल (भाजपा) था उसके द्वारा उठाए गए कदम हमें मंजूर नहीं थे इसलिए हमने गठबंधन को तोडऩे का कदम उठाया। भाजपा द्वारा मोदी को चुनाव अभियान समिति प्रमुख बनाए जाने पर उससे जदयू के नाता तोडऩे के कदम को उपयुक्त बताते हुए नीतीश ने नरेंद्र मोदी द्वारा की टिप्पणियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि पिछले तीन चार दिनों में जो बातें कही जा रही है वह हमारे लिये नए रुख को और मजबूत करती है।

Monday, 8 July 2013

महाबोधि मंदिर ब्लास्ट: एक-एक हिस्से में आतंकियों की पैठ दिखी

बोधगया [भुवनेश्वर वात्स्यायन]। इसे संयोग कहिए या फिर महात्मा बुद्ध की ज्ञानस्थली की करुणा, जिस वक्त महाबोधि मंदिर में धमाके हुए उस वक्त मंदिर परिसर में काफी कम लोग थे। सुबह के साढ़े पांच बजे थे और दैनिक पूजा की तैयारी चल रही थी। जिस हिसाब से आतंकियों ने मंदिर परिसर में अपनी पहुंच बना रखी थी उससे साफ है कि अगर मंदिर के भीतर भीड़ होती तो दृश्य कुछ और होता। चार विस्फोट मंदिर परिसर के चारों कोने पर हुए। एक तरह से पूरा परिसर आतंकियों की पहुंच में था। मंदिर के ठीक पीछे भगवान बुद्ध के चरणस्थल हैं और यहीं पर बोधिवृक्ष की पूजा होती है। यहां पहुंचने के पहले सुरक्षाकर्मी की अनुमति लेनी होती है। इतनी सुबह कोई व्यक्ति बौद्ध भिक्षु का लिबास पहने बगैर आसानी से नहीं आ सकता, क्योंकि यह पर्यटकों का समय नहीं। ऐसा लगता है कि जिसने बम लगाए उसने अपना लिबास कुछ इस तरह से रखा हुआ था कि किसी को शक न हो। एक धमाका बोधिवृक्ष के समीप हुआ जहां पूजा की तैयारी में लगे दो भिक्षु जख्मी हुए। विस्फोट के वक्त वहां मौजूद कोलकाता से आए शील रक्षित ने बताया कि उन्हें लगा कि जेनरेटर फटा है। इस विस्फोट के तुरंत बाद मंदिर परिसर के दूसरी दिशा में विस्फोट हुआ जो रत्‍‌नागिरी मंदिर के पास है। रत्‍‌नागिरी के बाद तीसरा विस्फोट महाबोधि मंदिर के ऊपरी हिस्से अनिमेषलोचन के पास हुआ। अनिमेषलोचन जिस जगह पर है उसके आगे तालाब के निकट बटर लैंप हाउस है। यहां श्रद्धालुओं द्वारा दीप जलाया जाता है। मुख्य मंदिर से यहां पहुंचने के लिए सीढिय़ां चढऩी पड़ती हैं। चौथा धमाका यहीं हुआ। बटर लैंप हाऊस के समीप एक बड़ी एंबुलेंस के भीतर टाइमर वाली डिवाइस फिट की गई थी। मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए दस सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। सीसीटीवी के बेमानी होने का अंदाज इससे लगाया जा सकता है कि उनके फुटेज दो दिनों से अधिक समय तक नहीं रखे जा सकते। मंदिर परिसर के आगे बढऩे पर थाईलैंड के निर्माणाधीन मठ के समीप खड़ी एक टूरिस्ट बस में भी आतंकियों ने बम फिट कर दिया था। उसमें भी विस्फोट हुआ। महाबोधि मंदिर के भीतर बड़ी संख्या में लोग सुबह की सैर को पहुंचते हैं, लेकिन उनकी जांच की कोई व्यवस्था कहीं नजर नहीं आती।

Saturday, 15 June 2013

अब हवा-धूप से चार्ज होगा मोबाइल

विनोद भावुक, मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के विद्यार्थियों ने भविष्य की तकनीकी चुनौतियों को देखते हुए ऐसे अहम डिजायन तैयार किए हैं, जो न केवल कम लागत वाले हैं, बल्कि दैनिक जरूरतों को और बेहतर विकल्प देंगे। विद्यार्थियों ने कम लागत के थ्रीडी प्रिंटर का डिजाइन तैयार करने में कामयाबी हासिल की है। साथ ही, हवा व धूप से मोबाइल चार्ज करने की विधि भी खोज ली है।

विद्यार्थियों ने संस्थान के कमाद स्थित परिसर में ओपन हाउस के दौरान कई नए मॉडल प्रदर्शित किए हैं। इनमें रेल हादसों पर अंकुश लगाने के लिए स्वचालित ब्रेक सिस्टम, स्वचालित व्हीलचेयर, धूल सोखने वाली मशीन, पानी का छिड़काव करने वाले यंत्र, इंटेलीजेंट पार्किग सिस्टम, ऑटोमेटिक पेपर रिसाइकलर, पर्वतीय क्षेत्र में बीज बोने के लिए रोबोट, अंधे लोगों के लिए ऑटो नेविगेशन उपकरण, होम ऑटोमेशन सिस्टम प्रमुख हैं।

मंडी आइआइटी के निदेशक टीए गोंजालविस का कहना है, 'विद्यार्थियों की ओर से प्रदर्शित मॉडलों ने विशेषाों को प्रभावित किया है।'

3डी प्रिंटर को प्रथम पुरस्कार:

विद्यार्थियों द्वारा निर्मित 3डी प्रिंटर की लागत बाजार में फिलहाल उपलब्ध प्रिंटरों के मुकाबले कम है। ओपन हाउस में जज इस मॉडल से खासे प्रभावित हुए व इसे प्रथम पुरस्कार के लिए चुना गया। विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रिंटर से 3डी पिक्चर भी प्रिंट की जा सकेगी।

मोबाइल चार्जिग में क्रांति:

संस्थान के इंजीनियरों ने हवा व धूप के उपयोग से चलने वाला हाइब्रिड मोबाइल चार्जर बनाया है। इस चार्जर की खासियत है कि इससे घर के अंदर बैठे हुए भी मोबाइल चार्ज किया जा सकता है। यह इस तरह से डिजायन किया गया है कि सीधी धूप के बिना भी मोबाइल चार्ज हो सकता है। ओपन हाउस में इस डिजाइन को दूसरा पुरस्कार मिला।

गृहणियों की समस्या दूर:

सेल्फ क्लॉथ रैक व फोल्डिंग मशीन और थ्री इन वन वैक्यूम क्लीनर व फर्श ड्रायर जैसे उत्पाद तैयार कर संस्थान के इंजीनियरों ने गृहिणियों की समस्या दूर कर दी है। सेल्फ क्लॉथ रैक व फोल्डिंग मशीन अंधेरा या नमी होने पर खुद ही कपड़े रैक में डाल देगी और उसे फोल्ड भी खुद करेगी।

सफाई के समाधान के लिए बनाए गए थ्री इन वन सॉल्यूशन में ऑटोमेटिक मशीन बिना किसी मदद के खुद सारी सफाई कर देगी। इसे रिमोट से नियंत्रित किया जा सकता है। ऑटो ट्रैस कंपेक्टर एक स्वचालित मशीन है जिससे कचरे के आकार को रोलर के माध्यम से कम किया जा सकेगा। यह कार्यालय परिसर, कॉलेज परिसर और घरों में इस्तेमाल किया जा सकता है।