Wednesday, 8 May 2013

सत्ता की ओर कांग्रेस के बढ़ते कदम



बेंगलूरु : कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को वोटों की गिनती जारी है। अब तक 194 सीटों पर रुझान सामने आए हैं। जिसमें कांग्रेस 87 सीटों पर आगे है और बीजेपी 41 सीटों पर आगे है। वहीं, कर्नाटक जनता पार्टी (केजेपी) 11 सीट और जेडीएस 43 पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, अन्‍य दल 12 सीटों पर आगे हैं। 

सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई है और माना जा रहा है कि तस्वीर दोपहर 12 बजे साफ हो जाएगी। अबसे कुछ ही घंटे बाद 224 विधानसभा सीटों में से 223 सीटों के लिए खड़े कुल 2940 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। 1 सीट पर मतदान स्थगित कर दिया गया है। बहुमत के लिए 113 सीटों की दरकार होगी। 

इन सीटों के लिए मतदान 5 मई को हुआ था जिसमें राज्य के करीब 4.35 करोड़ मतदाताओं में 70.23 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था।

राज्य में मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की पार्टी जदएस के बीच है। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा की अगुवाई वाली कर्नाटक जनता पार्टी की मौजूदगी ने सभी दलों की मुश्किल बढ़ा दी हैं।

दक्षिण भारत में भाजपा की अब तक की पहली सरकार पिछले विधानसभा चुनाव में कर्नाटक में बनी थी इसीलिए यह राज्य पार्टी के लिए खास महत्व रखता है। लेकिन चुनाव अनुमानों के मुताबिक, संकट में घिरी भाजपा की स्थिति डांवाडोल है जबकि कांग्रेस के मजबूती के साथ उभरने की संभावना है।

वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में 224 सीटों के लिए हुए मतदान में भाजपा को 110 सीटें मिली थीं। कांग्रेस को 80 सीटें और जदएस को 28 सीटें मिली थीं। वर्ष 2008 में कुल 64.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

Tuesday, 7 May 2013

अब मोबाइल से हैलो करना 30 फीसद तक महंगा


मुंबई। जल्द ही मोबाइल पर बात करना महंगा हो जाएगा। देश की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम ऑपरेटर रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) ने सोमवार को इसकी शुरुआत कर दी। कंपनी ने जीएसएम और सीडीएमए उपभोक्ताओं के लिए दरों में 30 फीसद तक का भारी भरकम इजाफा करने की घोषणा की है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

माना जा रहा है कि दूसरी कंपनियां भी जल्द ही दरें बढ़ा सकती हैं। आरकॉम के सीईओ (वायरलेस बिजनेस) गुरदीप सिंह ने बताया कि देशभर में कंपनी के सभी प्लान 20 से 30 फीसद महंगे हो गए हैं। घटते मार्जिन को देखते हुए कंपनी प्रति मिनट राजस्व (आरपीएम) और मुनाफा बढ़ाना चाहती है। इसलिए उपभोक्ताओं पर थोड़ा भार डाला गया है। घरेलू टेलीकॉम उद्योग बुरे दौर से निकल कर फिर से मजबूती की ओर बढ़ रहा है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा 122 लाइसेंस रद करने के बाद छोटे ऑपरेटर या तो परिचालन बंद कर चुके हैं या फिर बहुत कम जगहों पर सेवाएं दे रहे हैं। इससे उनके द्वारा छेड़ी गई सस्ती कॉल दरों की जंग अब खात्मे की ओर है। इससे बड़ी कंपनियों पर से दबाव खत्म हो गया है। अब लंबी अवधि की ऐसी कॉल दरें बाजार में लाई जाएंगी, जिनसे आने वाले समय में कंपनी को मुनाफा हो।

सूत्रों के मुताबिक भारती एयरटेल, वोडाफोन और आइडिया जैसे बड़े खिलाड़ी भी धीरे-धीरे कॉल दरों में इजाफा करने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। आरकॉम के मुताबिक 21 और 45 रुपये के प्लान में कॉल दरें अब 1.2 पैसा प्रति सेकेंड के हिसाब से लागू होंगी। इसके अलावा विशेष प्लान में कंपनी ने 65 फीसद तक की कटौती कर दी है। 48 रुपये के जिस प्लान में पहले 500 लोकल मिनट (रिलायंस टू रिलायंस) मिलते थे, उसमें अब केवल 160 मिनट ही मिलेंगे। वहीं 46 रुपये के प्लान में 200 के बजाय केवल 140 लोकल मिनट ही मिलेंगे।

Monday, 6 May 2013

टल गया टकराव, लौटी चीनी सेना, आज होगी अधिकारिक घोषणा


नई दिल्ली। आखिरकार करीब तीन हफ्ते के तनाव का सुखद अंत हो गया। चीन ने रविवार देर शाम लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी सेक्टर से अपने सैनिक हटा लिए। इसकी अधिकारिक घोषणा दोनों देश आज करेंगे। इस तनाव के दूर होने के साथ ही 9 मई को भारत के विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की चीन यात्रा का रास्ता साफ हो गया है।

तीन हफ्ते पहले लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी [डीबीओ] सेक्टर में घुस आई चीन की सेना को लेकर जारी तनाव समाप्त हो गया है। दोनों देशों के बीच घंटों चली उच्च स्तरीय वार्ता के बाद रविवार की शाम इस बात पर सहमति बनी कि दोनों देशों की सेनाएं उस क्षेत्र में आमने-सामने गाड़े गए तंबुओं को हटा लेंगी और एक साथ पीछे हटेंगी। इसके बाद शाम साढ़े सात बजे दोनों देशों की सेनाओं के स्थानीय कमांडरों ने सैनिकों के साथ पीछे हटने से पहले एक दूसरे से हाथ भी मिलाए।

चीन की सेना गत 15 अप्रैल को भारत की वास्तविक नियंत्रण रेखा [एलएसी] के 19 किलोमीटर अंदर तक घुस आई थी और पांच तंबू गाड़ दी थी। वहां करीब 50 सैनिकों के अलावा सेना के वाहन और कुत्ते भी थे। उल्लेखनीय है कि चीन इस घुसपैठ के बाद भारतीय सेना ने भी चीन के तंबुओं से करीब 300 मीटर दूर उसके सामने अपने तंबू गाड़ दिए थे। समझौता में तय यह हुआ कि दोनों देशों की सेनाएं पीछे हटेंगी। इससे पहलें दोनों देशों की सेनाओं के बीच शनिवार को चौथी फ्लैग मीटिंग भी नाकाम हो गई थी। चुशूल में शनिवार को हुई उस बैठक का नेतृत्व ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारियों ने किया था। वह बैठक करीब 45 मिनट तक चली थी लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला था। केवल इस बात पर सहमति बनी थी बातचीत जारी रखी जाएगी।

इसके साथ इस गतिरोध को समाप्त करने के लिए उच्च स्तर पर कूटनीतिक प्रयास भी जारी रहे। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्या चीन की सेना पूरी तरह से वास्तविक नियंत्रण रेखा के पीछे चली जाएगी और 15 अप्रैल के पहले वाली स्थिति बहाल हो जाएगी या नहीं।

Saturday, 4 May 2013

रेलवे में प्रमोशन के लिए घूसः रेलमंत्री बंसल का भांजा अरेस्ट


नई दिल्ली।। सीबीआई ने रेलमंत्री पवन कुमार बंसल के भांजे विजय सिंगला को रेलवे में प्रमोशन दिलाने के नाम पर रेलवे बोर्ड के मेंबर से 90 लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। ऐसी खबर है कि टॉप लेवल की पोस्ट को फिक्स करने के बदले सिंगला ने रेलवे बोर्ड मेंबर महेश कुमार से यह रिश्वत ली। खबर है कि सौदा करीब 2 करोड़ रुपये में हुआ था। पहली किस्त 90 लाख रुपये की थी। विपक्षी पार्टियों ने रेल मंत्री पवन बंसल का इस्तीफा मांगा है।

सीनियर अधिकारियों ने बताया कि बंसल के भांजे सिंगला को चंडीगढ़ में महेश कुमार के मीडियेटर (वाहक) मंजूनाथ से 90 लाख रुपए नकद लेते हुए गिरफ्तार किया गया। कुमार को हाल में ही मेंबर (स्टाफ) के तौर पर प्रमोशन मिला है और वह मेंबर (इलेक्ट्रिकल) का लुभावना पद पाने का प्रयास कर रहे थे।

1975 बैच के इंडियन रेलवे सर्विस ऑफिसर, रेलवे बोर्ड मेंबर महेश कुमार को सीबीआई टीम ने दिल्ली से मुंबई आने के तुरंत बाद गिरफ्तार किया। सीबीआई ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और आईपीसी के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जिस अन्य व्यक्ति को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है उसका नाम संदीप गोयल है। बताया जा रहा है कि यह सौदा कराने में उसने मदद की। राष्ट्रीय राजधानी में मौजूद बंसल बार-बार संपर्क किए जाने का प्रयास करने के बावजूद मीडिया से बचते रहे।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य शहरों में छापेमारी की। चंडीगढ़ में 2 जगहों पर छापे मारे गए हैं जिसमें से एक घर पवन बंसल के घर के पास है।

गुप्त अभियान के तहत सीबीआई ने कुमार की गतिविधियों और फोन कॉल पर नजर रखी और रिश्वत के भुगतान के समय सिंगला को दबोच लिया। सिंगला और मंजूनाथ को शहर में सीबीआई ऑफिस लाया गया जहां उन्हें हिरासत में रखा गया है। उन्हें शनिवार को दिल्ली लाने की खबर है।

कुमार पश्चिम रेलवे में महाप्रबंधक थे और उन्हें हाल में रेलवे बोर्ड मेंबर के तौर पर प्रमोशन मिला था। यह पद भारत सरकार के सचिव के बराबर है। कुमार इससे पहले, वेस्टर्न रेलवे में जीएम पद पर थे। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सिर्फ 36 घंटे के अंदर 'सबसे बड़े इंटरलॉकिंग रूट' को चालू करवाकर कुमार गिनेज बुक ऑफ वर्ल्ड रेकॉर्ड में नाम दर्ज करा चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कुमार और सिंगला के अतिरिक्त सीबीआई ने गोयल और मंजूनाथ पर भी भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और आईपीसी के तहत कई धाराएं लगाई गई हैं।

माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी से रेलवे के अंदर एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हो सकता है। उधर, बीजेपी ने इस मामले में पवन कुमार बंसल को निशाने पर ले लिया है। उन्होंने बंसल का इस्तीफा मांगते हुए आरोप लगाया कि घूस उनके इशारे पर ली गई है। बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस देश का दुर्भाग्य है कि इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सरकार में लोग सोच ले रहे हैं कि घोटाले करो और सो जाओ ना कोई सुनने वाला है ना कोई देखने वाला।

Friday, 3 May 2013

सरबजीत का अंतिम संस्कार आज


नई दिल्ली। सरबजीत सिंह का शव भारत लाए जाने के बाद उसका पोस्टमार्टम फिर से किया गया है और अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बिखीविंद में शुक्रवार दोपहर बाद किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक सरबजीत सिंह के शरीर से दिल और किडनी गायब है।

जिस शहर के बाशिंदे आज भी इस जुमले पर गुमान करते हैं कि जिसने लाहौर नहीं देखा वह जन्मा ही नहीं, उसने भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह को तिल-तिल करते मरते हुए देखा भी और दुनिया को दिखाया भी। 49 साल के सरबजीत को कभी साझा रही सरहद को लांघने की गलती की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। बीते शुक्त्रवार को लाहौर की कोट लखपत जेल में नफरत से भरे खूंखार कैदियों के सुनियोजित हमले में मरणासन्न हुए सरबजीत ने जिन्ना अस्पताल में बुधवार आधी रात के बाद भारतीय समयानुसार डेढ़ बजे इस बेरहम दुनिया से विदा ले ली। तरनतारन के भिखीविंड गांव के सिख दलित परिवार के किसान सरबजीत को पाकिस्तान ने जीते जी तो रहम की भीख देने से इन्कार किया, लेकिन उनके शव की सुरक्षा में तमाम तामझाम दिखाया। पाकिस्तान ने उन्हें सुरक्षा तब दी जब उनके प्राण पखेरू हो चुके थे। एक विडंबना यह भी कि उनका इलाज चार डॉक्टरों की टीम ने किया और पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों का बोर्ड छह सदस्यीय था।

पूरे देश में गम और गुस्से की लहर के बीच सरबजीत का पार्थिव शरीर भारत सरकार की ओर से भेजे गए विशेष विमान से अमृतसर लाया गया, जहां से उसे दोबार पोस्टमार्टम के लिए अमृतसर मेडिकल कॉलेज लाया गया। शुक्रवार सरबजीत के शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव भिखीविंड ले जाया जाएगा।

अगस्त, 1990 की एक रात वह भटकर मुल्क की सीमा लांघकर पाकिस्तान पहुंच गए। इसके बाद 1991 में उन्हें जासूसी और लाहौर व फैसलाबाद में हुए बम धमाकों का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुना दी गई। तमाम अपील, अनुरोध और इस पुख्ता दलील के बाद भी उन्हें माफी नहीं दी गई कि वह गलत पहचान का शिकार हुए हैं।

मई, 2008 में पाकिस्तान सरकार ने सरबजीत को फांसी दिए जाने पर अनिश्चितकालीन रोक लगा दी थी। लगता है भारत के दुश्मनों ने तभी सरबजीत को मौत की सजा देने का वैकल्पिक रास्ता खोज लिया था। उसी के तहत पिछले शुक्रवार को कोट लखपत जेल में छह कैदियों ने उन पर जानलेवा हमला किया, जिसकी परिणति आज पूरे देश के सामने है। शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने पाकिस्तानी जेल में अमानवीय व्यवहार का शिकार हुए सरबजीत सिंह की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा की है। सरबजीत को शहीद घोषित करते हुए बादल ने उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की बात कही। प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक रहेगा। इसके अलावा सरकार सरबजीत की दोनों बेटियों को सरकारी नौकरी भी देगी।

भिखीविंड गांव में सरबजीत का राजकीय सम्मान के साथ होने वाले अंतिम संस्कार की तैयारियां प्रशासन ने पूरी कर ली हैं। इस मौके पर हजारों लोगों की आमद को लेकर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।

Wednesday, 1 May 2013

सरबजीत की मौत: शव भारत सौंपने को तैयार पाकिस्तान


नई दिल्ली/लाहौर। पाकिस्तान सरकार लाहौर के जिन्ना अस्तपाल में दम तोड़ने वाले भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह के शव को भारत सौंपने के लिए राजी हो गई है। सूत्रों के मुताबिक पाक विदेशसचिव की तरफ से यह बात सामने आई है। हालांकि अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक सरबजीत के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद इसको भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। सरबजीत की मौत पर भारत के गृहमंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान ने भारत को धोखा दिया है।

26 अप्रैल से लाहौर के जिन्ना अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह की मौत के बाद राजनीतिक गलियारों में भी गहमागहमी शुरू हो गई है। इस बीच गुरुवार सुबह केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे सरबजीत के परिवार से मिलने पहुंचे। सरबजीत का परिवार बुधवार को लाहौर से लौटने के बाद से ही दिल्ली में डेरा डाले हुए है। सरबजीत के निधन पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शौक व्यक्त किया है।

सरबजीत के परिवार से मिलने पहुंचे गृहमंत्री ने बाद में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उनके शव को भारत लाने की कोशिशें की जा रही हैं। शव के भारत आने के बाद जैसी परिवार की इच्छा होगी वैसे ही अंतिम संस्कार की क्रिया की जाएगी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने कई बार पाकिस्तान को यह बात कही थी कि उन्होंने गलत आधार पर सरबजीत को बंधक बना लिया है।

सरबजीत ने जिन्ना अस्पताल में बुधवार रात करीब डेढ़ बजे अंतिम सांस ली थी। इसकी पुष्टि जिन्ना अस्पताल के प्रमुख प्रोफेसर डॉक्टर महमूद शौकत और सरबजीत के वकील अवाइस शेख ने की है। सरबजीत का शव पोस्टमार्टम के बाद भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। वहीं सुशील कुमार शिंदे ने पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग से बात कर सरबजीत के शव और उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भारत सौंपने की अपील करने के निर्देश दिए हैं।

सरबजीत के परिवार और अन्य लोगों ने सरबजीत को शहीद का दर्जा दिए जाने और पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार करने की मांग की है। गौरतलब है कि सरबजीत का परिवार बुधवार को ही लाहौर से वापस भारत लौटा था। सरबजीत की बहन समेत कई अन्य राजनीतिक दलों ने इस मामले में भारत सरकार की कड़ी आलोचना की है। भाजपा की सांसद और अभिनेत्री हेमामालिनी ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने की बात तक कह दी है।

राहत की बात, एलपीजी सिलेंडर 54 रुपये और पेट्रोल 3 रुपये सस्ता


नई दिल्ली। बढ़ती महंगाई के मद्देनजर सरकार आम जनता के गुस्से पर काबू पाने के लिए बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमतों में 54 रुपये की कटौती कर दी है। अब जो सिलेंडर 901 रुपये में मिलता था वो 847 में मिलेगा।

वहीं, तेल कंपनियां भी लोगों पर खासा मेहरबान हो रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार को देखते हुए पेट्रोल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की कमी कर दी है। यह कीमतें मंगलवार देर रात से लागू हो गई हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की घटती कीमतों को देखते हुए कंपनियों ने ऐसा फैसला लिया है। इस माह के भीतर ही कंपनियों ने चौथी बार कीमतों में कटौती की है। यह कीमतें अलग-अलग शहरों में अलग-अलग होंगी।

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 66.09 रुपये से घटकर 63.09 रुपये प्रति लीटर हो गई है। पिछले दो महीने में दिल्ली में पेट्रोल 7.62 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता हो चुका है। मुंबई में पेट्रोल 3.15 रुपये और कोलकाता में 3.13 रुपये प्रति लीटर सस्ता हुआ है।

माना जा रहा है कि कर्नाटक चुनाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने तेल कंपनियों को बड़ी राहत देने के लिए तैयार किया है। जहां लोगों को सरकार और तेल कंपनियों की ओर से कुछ राहत मिली है, वहीं दिल्ली एनसीआर में अमूल दूध की कीमतों में प्रति लीटर दो रुपये की बढ़ोतरी हो गई है।

शहर , पुरानी कीमत, नई कीमत , कमी

दिल्ली , 66.09 , 63.09 , 3.00

कोलकाता , 73.48 , 70.35 , 3.13