Showing posts with label body handover. Show all posts
Showing posts with label body handover. Show all posts

Wednesday, 1 May 2013

सरबजीत की मौत: शव भारत सौंपने को तैयार पाकिस्तान


नई दिल्ली/लाहौर। पाकिस्तान सरकार लाहौर के जिन्ना अस्तपाल में दम तोड़ने वाले भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह के शव को भारत सौंपने के लिए राजी हो गई है। सूत्रों के मुताबिक पाक विदेशसचिव की तरफ से यह बात सामने आई है। हालांकि अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक सरबजीत के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद इसको भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। सरबजीत की मौत पर भारत के गृहमंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान ने भारत को धोखा दिया है।

26 अप्रैल से लाहौर के जिन्ना अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह की मौत के बाद राजनीतिक गलियारों में भी गहमागहमी शुरू हो गई है। इस बीच गुरुवार सुबह केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे सरबजीत के परिवार से मिलने पहुंचे। सरबजीत का परिवार बुधवार को लाहौर से लौटने के बाद से ही दिल्ली में डेरा डाले हुए है। सरबजीत के निधन पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शौक व्यक्त किया है।

सरबजीत के परिवार से मिलने पहुंचे गृहमंत्री ने बाद में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उनके शव को भारत लाने की कोशिशें की जा रही हैं। शव के भारत आने के बाद जैसी परिवार की इच्छा होगी वैसे ही अंतिम संस्कार की क्रिया की जाएगी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने कई बार पाकिस्तान को यह बात कही थी कि उन्होंने गलत आधार पर सरबजीत को बंधक बना लिया है।

सरबजीत ने जिन्ना अस्पताल में बुधवार रात करीब डेढ़ बजे अंतिम सांस ली थी। इसकी पुष्टि जिन्ना अस्पताल के प्रमुख प्रोफेसर डॉक्टर महमूद शौकत और सरबजीत के वकील अवाइस शेख ने की है। सरबजीत का शव पोस्टमार्टम के बाद भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। वहीं सुशील कुमार शिंदे ने पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग से बात कर सरबजीत के शव और उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भारत सौंपने की अपील करने के निर्देश दिए हैं।

सरबजीत के परिवार और अन्य लोगों ने सरबजीत को शहीद का दर्जा दिए जाने और पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार करने की मांग की है। गौरतलब है कि सरबजीत का परिवार बुधवार को ही लाहौर से वापस भारत लौटा था। सरबजीत की बहन समेत कई अन्य राजनीतिक दलों ने इस मामले में भारत सरकार की कड़ी आलोचना की है। भाजपा की सांसद और अभिनेत्री हेमामालिनी ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने की बात तक कह दी है।