Showing posts with label cricket hindi news. Show all posts
Showing posts with label cricket hindi news. Show all posts

Wednesday, 29 May 2013

गजब! आपके जूतों से चार्ज हो जाएगा मोबाइल

हवा और पानी से मोबाइल चार्ज होने की बात तो आपने सुनी होगी, लेकिन अब आपका फोन जूतों से चार्ज होगा। ह्यूसटन ‌स्थित राइस यूनिवर्सिटी के छात्रों ने जूतों की मदद से आइफोन चार्ज होने वाली तकनीक विकसित की है।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले चार छात्रों के चलने के दौरान किसी भी व्यक्ति जूतों से उत्पन्न होने वाली ऊर्जा को एकत्रित करके इसका इस्तेमाल मोबाइल चार्जिंग में किया है।

इन्हें पेडीपॉवर जूतों का नाम दिया गया है। इस तकनीक में पेडीपॉवर जूतों की गति से उत्पन्न होने वाली ऊर्जा को एकत्रित करके मोबाइल चार्जिंग के लिए यूज किया जाता है।

यूनिवर्सिटी के छात्रों को ऑयल एंड गैस इंडस्ट्री के लिए उपकरण तैयार करने वाली कैमरन कंपनी ने नए तरह के जूते तैयार करने के लिए एप्रोच किया।

कंपनी का मानना था कि छात्रों को ग्रीन एनर्जी तकनीक को विकसित करने पर काम करना चाहिए। इसके बाद केरलोस अर्मादा, जूलियन कास्‍त्रो, डेविड मोरिला और टायलर वेस्ट ने अपना ध्यान जूतों से पैदा होने वाली ऊर्जा पर फोकस किया।

गौरतलब है कि मोशन एनॉलिसिस लेबोरेट्री के साथ ह्यूसटन का श्रीनेर्स हॉस्पीटल फॉर चिल्ड्रेन की टीम यह निष्कर्ष निकाल चुकी है कि किसी भी व्यक्ति की हील (ऐडी) पैर के हिसी भी हिस्से से ज्यादा ऊर्जा उत्पन्न करती है।

Tuesday, 28 May 2013

दिल्ली में तोड़े जाएंगे अवैध धार्मिक स्थल

धार्मिक आस्था की आड़ लेकर राजधानी की सड़कों व गली-मोहल्लों में जगह-जगह सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से बनाए गए धार्मिक स्थलों को अब ढहाया जाएगा। 

धार्मिक स्थलों की आड़ में सरकारी जमीन कब्जाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एस. मुरलीधर व आरएस एंडलॉ की खंडपीठ ने दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि वह तुरंत इस मामले में बैठक बुलाएं, जिसमें यह तय किया जाए कि इन अवैध धार्मिक स्थलों को कैसे समयबद्ध तरीके से ढहाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाए। 

खंडपीठ ने कहा कि दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव दो सप्ताह के अंदर गृह मंत्रलय के संयुक्त सचिव, दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव, डीडीए के उपाध्यक्ष, दिल्ली पुलिस आयुक्त व दिल्ली सरकार के गृह विभाग के विशेष सचिव के साथ बैठक करें। इसके बाद अदालत में रिपोर्ट दायर करके बताया जाए कि इन अवैध निर्माण को गिराने के लिए क्या कदम उठाए गए। अब इस मामले में 22 अगस्त को सुनवाई होगी। 

उच्च न्यायालय ने अपने फैसले में कहा कि खुद एक धार्मिक कमेटी ने 75 में से 40 धार्मिक स्थलों को गिराने की अनुशंसा की है। बाकी 34 के बारे में कहा गया है कि इनको गिराने का विरोध हो सकता है, इसलिए इन स्थलों के आसपास के लोगों को समझाकर और उनसे बातचीत करके गिराया जा सकता है। 75 की सूची में एक धार्मिक स्थल को गलती से शामिल कर लिया गया था, वह अवैध तरीके से नहीं बना है। न्यायालय ने सरकार को इस बात पर भी फटकार लगाई है कि वह अपनी जमीन पर वापस कब्जा लेने में उचित कदम नहीं उठा रही है। 

अदालत ने कहा कि डीडीए अभी तक 7.82 एकड़ जमीन पर ही कब्जा ले पाया है। जो कि पर्याप्त नहीं है, इसलिए इस दिशा में जल्दी से कदम उठाए जाएं। अदालत ने दिल्ली पुलिस की भी खिंचाई की है, क्योंकि उसने अपने-अपने इलाकों में हुए अवैध निर्माण की सूची धार्मिक कमेटी को नहीं सौंपी है। 

गौरतलब है कि 17 अप्रैल को न्यायालय ने सभी एसएचओ को निर्देश दिया था कि वह अपने-अपने इलाकों में डीडीए की जमीन पर बने अवैध धार्मिक स्थल की सूची बनाकर सौंपें। परंतु उत्तरी-पूर्वी जिले के अलावा किसी अन्य ने अपनी सूची नहीं सौंपी। 

ऐसे में न्यायालय ने दक्षिण, दक्षिण-पूर्वी व बाहरी जिले के एडिशनल कमिश्नर को निर्देश दिया है कि दो सप्ताह के अंदर धार्मिक कमेटी के समक्ष अपनी रिपोर्ट पेश करें कि उनके इलाकों में कितने अवैध धार्मिक स्थल बने हुए हैं। 

वर्ष 2005 में एक मीडिया रिपोर्ट पर दिल्ली उा न्यायालय ने स्वत: संज्ञान लिया था। इस रिपोर्ट में बताया गया था कि लगभग 43,000 एकड़ सरकारी जमीन प्रयोग नहीं हो रही है या उस पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। उस समय से अब तक न्यायालय इस मामले में स्वयं निगरानी कर रहा है। 

पिछले साल जुलाई में न्यायालय ने दिल्ली सरकार व डीडीए को फटकार लगाई थी कि क्योंकि वह इस संबंध में सर्वे कराने में असफल रहे थे और डीडीए सरकारी जमीन को अपने कब्जे में नहीं ले पा रही थी।

Monday, 27 May 2013

धोनी के शेर हुए ढेर, मुंबई बना आईपीएल चैंपियन


कोलकाता। आईपीएल-6 के जंपिंग जपांग टाइप फाइनल में मैन ऑफ द मैच कैरन पोलार्ड के आतिशी पचासे के बाद लसिथ मलिंगा की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से मुंबई ने चेन्नई को 23 रनों से हरा दिया। मैच की शुरुआत मुंबई के लिए दहलाने वाली रही तो अंत ने चेन्नई को चित कर दिया। मुंबई की जीत के बाद टीम के आइकन प्लेयर सचिन तेंडुलकर ने आईपीएल  को अलविदा कह दिया (जीत के ये रहे हीरो)। 

बीसीसीआई प्रेसिडेंट एन श्रीनिवासन, आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला और सचिव संजय जगदाले ने मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा को दस करोड़ रुपए के चेक के साथ चमचमाती ट्रॉफी सौंपी। रनर अप चेन्नई को 7.5  करोड़ रुपए दिए गए। 

मुंबई ने टॉस जीतकर खराब शुरुआत से उबरते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में नौ विकेट पर 148  रन बनाए और फिर चेन्नई को 125 के स्कोर पर ही रोक दिया। चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी नॉट आउट 63 रन बनाकर भी टीम की हार नहीं टाल पाए। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई पर पहले ही ओवर में मलिंगा ने कहर बरपाते हुए माइक हसी और सुरेश रैना को पवेलियन लौटा दिया। इसके बाद मिचेल जॉनसन ने दूसरे ओवर में एस बद्रीनाथ को आउट कर चेन्नई को मुश्किल में डाल दिया। 

शुरुआती झटकों से चेन्नई नहीं उबर पाई और उसके विकेट लगातार गिरते रहे। हालाकि कप्तान धोनी दूसरे एंड पर किला लड़ाते रहे लेकिन उनका प्रयास नाकाफी रहा और मुंबई ने पहली बार आईपीएल खिताब जीत लिया। मुंबई के लिए लसिथ मलिंगा, मिचेल जॉनसन ओर हरभजन सिंह ने दो-दो विकेट लिए वहीं प्रज्ञान ओझा, रिषी धवन और कैरन पोलार्ड ने इस महामुकाबले में एक-एक विकेट अपने नाम किया।  

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी ने कैरन पोलार्ड के आतिशी पचासे (32 गेंद पर 50 रन) की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 148 रन बनाए। मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। पिछले मैच के हीरो ड्वेन स्मिथ पहले ही ओवर में आउट हो गए और दूसरे ओवर में आदित्य तारे भी चलते बने। कप्तान रोहित भी संकट के समय टीम का साथ नहीं निभा पाए और चौथे ओवर में आउट हो गए। इस तरह मुंबई ने केवल 16 रनों के स्कोर पर ही तीन विकेट खो दिए।

इसके बाद दिनेश कार्तिक और अंबाती रायुडू ने चौथे विकेट के लिए 36 रन  जोड़कर पारी को संभाला। कार्तिक को क्रिस मॉरिस ने बोल्ड कर यह साझेदारी तोड़ी। कार्तिक ने 21 रनों की उपयोगी पारी खेली। 

कार्तिक के आउट होने के बाद अंबाती और रायुडू ने टीम को 100 के स्कोर तक पहुंचाया। यहां रायुडू 37 रन बनाकर ब्रावो का शिकार हो गए। इसके बाद ब्रावो ने हरभजन, जॉनसन और मलिंगा को भी आउट कर दिया। 

दूसरी ओर पोलार्ड मौका मिलते ही रन बनाते रहे। आखिरी ओवर में पोलार्ड को केवल आखिरी दो गेंदें खेलने को मिलीं जिन पर दो गगनचुंबी छक्के जड़ पोलार्ड ने अपनी फिफ्टी पूरी की। 
सचिन ने आईपीएल को कहा अलविदा

मुंबई इंडियंस के आईपीएल का पहला खिताब जीतने के बाद टीम के मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने संन्यास की घोषणा कर दी है।

सचिन ने अपने संन्यास के फैसले पर कहा कि यह सबसे उचित समय है। मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल चैंपियन बनी इसके बाद उनके संन्यास लेने का फैसला सही है।

हालांकि गावस्कर ने सचिन से कहा कि अगले सीजन का पहला मैच मुंबई में खेला जाएगा। आप क्यों नहीं पहले मैच में खेल कर मुंबई में संन्यास लें। इसके जवाब में सचिन ने कहा कि अगर ऐसा कोई ऑफर मिलता है तो वो उसके बारे में जरूर सोचेंगे। 

फाइनल में चेन्‍नई सुपर किंग्स को 23 रनों से हराकर मुंबई इंडियंस ने पहली बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। हालांकि सचिन फाइनल में नहीं खेले लेकिन उनका योगदान मुंबई इंडियंस के लिए अहम रहा।
सचिन ने आईपीएल कैरियर में 78 मैचों में 2234 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की टीम दूसरी बार फाइनल में पहुंची थी।

Saturday, 25 May 2013

फिक्सिंग में फंसे गेल, गिफ्ट में ली थी चार लाख की ज्यूलरी


नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स के प्रिंसिपल गुरुनाथ मयप्पन की गिरफ्तारी के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुर के विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल भी शक के घेरे में आ गए हैं। जयपुर के बुकीज जूलर्स पवन और संजय ने गेल को अपने शोरूम पर बुला कर उन्हें चार लाख रुपए की ज्यूलरी गिफ्ट की थी। 29 अप्रैल को जयपुर में बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स का मैच था। 

इसके एक दिन बाद गेल टोंक रोड स्थित मोती संस के शोरूम गए थे और वहां करीब एक घंटे रुके थे। इसी दौरान पवन और संजय ने उन्हें जेवरात गिफ्ट किए थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस गिफ्ट का फिक्सिंग से कोई संबंध है या नहीं। स्पॉट फिक्सिंग में फंसे एस. श्रीसंथ और विंदू दारा सिंह भी आ चुके हैं। 

जानकारी के अनुसार, गेल को मोती संस के शोरूम में ले जाने में भी विंदू का रोल था। जब स्पॉट फिक्सिंग का मामला सामने आया तो विंदू ने इन दोनों बुकीज को यहां से दुबई भागने में मदद भी की थी। सट्टेबाजी को लेकर राजस्थान के कम से कम 20 जूलर्स संदेह के दायरे में हैं। मुंबई और दिल्ली पुलिस इन जूलर्स का कच्चा चिट्ठा खंगाल रही हैं।

Friday, 17 May 2013

श्रीशांत और चंदीला को लड़कियां भी सप्लाई की गईं

नई दिल्ली।। आईपीएल में मैच फिक्सिंग के लिए राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेटरों ने बुकीज से सिर्फ पैसे नहीं लिए। दिल्ली पुलिस को बुकीज के फोन कॉल्स से जो सबूत मिले हैं, उससे पता चलता है कि गिरफ्तार किए गए कम से कम दो क्रिकेटरों को लड़कियां भी सप्लाई की गई थीं। अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के मुकाबिक, सट्टेबाजों की रिकॉर्डेड बातचीत से पता चलता है कि दो बुकियों मनन और चांद ने एस. श्रीशांत और अजीत चंदीला के लिए कम से कम तीन बार लड़कियों की व्यवस्था की थी। दिल्ली पुलिस के एक ऑफिसर ने बताया कि इन बातचीतों में कई बार लड़कियों को भेजने और उनके पहुंचने का जिक्र आता है।

इस बीच पूरे मामले में पहली बार श्रीशांत का पक्ष सामने आया है। टीम इंडिया के इस पूर्व खिलाड़ी ने माना कि वह स्पॉट फिक्सिंग में शामिल थे। कोर्ट में पेश किए जाने से पहले मलयालम टीवी चैनलों से बातचीत करते हुए श्रीशांत ने कहा कि मैंने गलती की है।

राजस्थान रॉयल्स के एक तीसरे खिलाड़ी ने भी बुकी की ओर से भेजी गई इस 'सेवा' का सुख लिया, लेकिन बताया जा रहा है कि वह स्पॉट फिक्सिंग के रैकेट में शामिल नहीं थे। श्रीशांत के कजन बताए जाने वाले बुकी जीजू उर्फ बीजू ने भी एस्कॉर्ट्स की सर्विस ली। मुंबई के खार एरिया से बुधवार देर रात जब श्रीशांत और जीजू को गिरफ्तार किया गया, तो उनके साथ लड़कियां थीं। दोनों अलग-अलग गाड़ियों में आरजी नाइटक्लब भी गए थे। इस रैकेट में शामिल एक बुकी पिछले सात तक राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा था। उस खिलाड़ी का नाम अमित कुमार बताया जा रहा है।

दिल्ली के पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार ने बताया कि बुकीज के फोन कॉल्स से पता चलता है कि ये लोग दो गिरफ्तार क्रिकेटरों को लड़कियां सप्लाई कर रहे थे, लेकिन हम उन लड़कियों के खिलाफ कोई चार्ज नहीं लगाया हैं क्योंकि वे स्पॉट फिक्सिंग रैकेट का हिस्सा नहीं हैं।

पुलिस कमिश्नर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि इस पूरे रैकेट को सलमान नाम का शख्स दुबई से ऑपरेट कर रहा है। मार्च में पुलिस ने गृह मंत्रालय से इस आरोपी का फोन टैप करने की इजाजत मांगी थी। हालांकि यह पता नहीं चला है कि सलमान उसका असली नाम है या नकली। फोन पर होने वाली उनती बातचीत से पता चला था कि आईपीएल-6 में कई मैच फिक्स होने वाले थे।

Thursday, 16 May 2013

स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में श्रीसंत समेत 3 खिलाड़ी गिरफ्तार


नई दिल्ली: स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में भारतीय क्रिकेटर श्रीसंत को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने श्रीसंत को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। आईपीएल की टीम राजस्थान रॉयल्स के दो और खिलाड़ियों को भी इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। इन दोनों खिलाड़ियों के नाम है अंकित चौहान और अंजित चंडालिया। इनके खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का केस दर्ज किया गया है। 

दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने श्रीसंत को स्पाट फिक्सिंग में कथित भूमिका के आरोप में कल रात मुंबई में उनके दोस्त के घर से जबकि दो अन्य क्रिकेटरों को नरीमन प्वाइंट में टीम होटल से गिरफ्तार किया। इन खिलाड़ियों को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में मैच के बाद टीम होटल लौटने पर गिरफ्तार किया गया। मुंबई ने राजस्थान रायल्स को इस मैच में 14 रन से हराया था। 

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि आईपीएल के पिछले मैचों में स्पाट फिक्सिंग में भूमिका के लिये इन खिलाड़ियों पर नजर रखी जा रही थी। उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि किन मैचों पर नजर रखी गयी थी। पुलिस ने इसके साथ इस मामले में मुंबई में सात और दिल्ली में तीन सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को दिल्ली के दो अन्य सट्टेबाजों की तलाश है। बताया जा रहा है कि कुछ और खिलाड़ी भी शक के दायरे में है। 

आईपीएल अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि उन्हें इस घटना की विस्तृत जानकारी का इंतजार है। राजस्थान रायल्स के सीईओ रघु अय्यर ने कहा कि देर रात दिल्ली पुलिस ने तीन खिलाड़ियों को गिरफ्तार किया है और टीम प्रबंधन जांच में मदद कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘राजस्थान रायल्स की भ्रष्टाचार पर शून्य सहिष्णुता की नीति रही है और यदि आरोप साबित हो जाते हैं तो हम कार्रवाई करेंगे।

Thursday, 28 March 2013

क्रिकेटर जेसी राइडर झगड़े में घायल, कोमा में गए


क्राइस्टचर्च। न्यूजीलैंड के हरफनमौला खिलाड़ी जेसी राइडर क्राइस्टचर्च में एक पब के बाहर झगड़े में घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं और वह कोमा में चले गए हैं।

28 वर्षीय राइडर आइपीएल में खेलने के लिए उड़ान भरने वाले थे। इस साल उनका करार दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ है। उन्हें लगभग तीन लाख डॉलर में अनुबंधित किया गया है। इससे पहले वह रॉयल चैलेंजर बेंगलूर और पुणे वॉरियर्स के लिए खेल चुके हैं।

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने ट्वीट करते हुए राइडर के प्रति सहानुभूति और समर्थन व्यक्त किया है। वहीं उनके साथी खिलाड़ी उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हुए सोशल मीडिया पर संदेश भेज रहे हैं।

गौरतलब है कि अत्यधिक शराब के सेवन के बाद झगड़े के कारण पहले भी वह विवाद में आ चुके हैं और टीम से बाहर हो चुके हैं। बोर्ड ने पहले उनकी विशेषज्ञों से काउंसलिंग भी करवाई थी।

राइडर ने न्यूजीलैंड की तरफ से अब तक 18 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने करीब 41 की औसत से 1269 रन बनाए हैं। उन्होंने तीन शतक लगाए हैं। वहीं 39 वनडे मैचों में उन्होंने 34 की औसत से 1100 रन बनाए हैं।