Showing posts with label india australia cricket match. Show all posts
Showing posts with label india australia cricket match. Show all posts

Saturday, 25 February 2012

भारत की फाइनल की राह में आया श्रीलंका

होबार्ट - श्रीलंका ने भारत के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। अंदरूनी कलह से जूझती टीम इंडिया के सामने अब सीबी सीरीज़ के फाइनल में पहुंचने का रास्ता बेहद मुश्किल हो गया है। शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया पर श्रीलंका की 3 विकेट की जीत के बाद अब टीम इंडिया को अपने दोनों मैच जीतने होंगे।

रविवार को सिडनी में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। इसके बाद 28 फरवरी को होबार्ट में टीम श्रीलंका के सामने होगी। सीबी सीरीज़ के फाइनल में पहुंचने के लिए टीम को ये दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे।

शुक्रवार को श्रीलंका ने आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को 3 विकेट से रौंदकर पूरे टूर्नामेंट को खोल दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 280 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका ने 7 विकेट खोकर 283 रन बना लिए। अब यहां से कोई भी टीम फाइनल में पहुंच सकती है। सीबी सीरीज़ में यह श्रीलंका की लगातार तीसरी जीत है और अब यह टीम प्वॉइंट टेबल में शीर्ष पर है। अब सभी टीमों के पास दो-दो मैच हैं।

शुक्रवार के मैच से पहले भारत के लिए टूर्नामेंट में जाने का समीकरण साफ था। या तो टीम इंडिया अपने बाकी बचे दो मैच जीते या फिर श्रीलंका तीनों मैच हारे। चूंकि, श्रीलंका ने शुक्रवार को खेला गया मैच जीत लिया है, इसलिए अब टीम इंडिया के पास सिर्फ अपनी जीत का रास्ता बचा है। फाइनल में सीट बुक करने के लिए टीम इंडिया को कमर कसनी होगी और बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे।