Showing posts with label Railway bribery case. Show all posts
Showing posts with label Railway bribery case. Show all posts

Thursday, 9 May 2013

बंसल की होगी छुट्टी, अश्विनी कुमार का बदलेगा विभाग!


नई दिल्ली : सूत्रों के हवाले से यह कहा जा रहा है कि रेलवे घूसकांड में रेल मंत्री पवन कुमार बंसल की छुट्टी लगभग तय है। साथ ही कानून मंत्री अश्विनी कुमार का मंत्रालय बदला जा सकता है। 

माना जा रहा है कि अगले कैबिनेट फेरबदल के दौरान कानून मंत्री का मंत्रालय बदला जा सकता है और बंसल को रेल मंत्री पद से हटाया जा सकता है। बताया यह भी जा रहा है कि मनीष तिवारी को कानून मंत्री बनाया जा सकता है, जो फिलहाल सूचना एवं प्रसारण मंत्री हैं। 

रेल मंत्री पवन बंसल का गुरुवार शाम कैबिनेट की बैठक में नहीं जाना और कानून मंत्री का बैठक में मौजूद रहना इस बात का साफ संकेत है। कानून मंत्री पर सीबीआई की स्टेटस रिपोर्ट में बदलाव करवाने का आरोप है जबकि रेल मंत्री बंसल भांजे विजय सिंगला की करतूत के कारण फंसे हुए हैं।

सूत्रों के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी के बाद प्रधानमंत्री ने कानून मंत्री पर कार्रवाई का मन बना लिया है। प्रधानमंत्री अश्विनी कुमार का विभाग बदलने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि फैसला लेने से पहले वह तथ्यों पर गौर कर रहे हैं।