Monday, 23 September 2013

चिदंबरम ने मोदी पर साधा निशाना तो यशवंत सिन्हा ने किया पलटवार

नई दिल्ली। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी बनाम यूपीए सरकार का वाक युद्ध लंबे समय से देखा जा रहा है। कभी नरेंद्र मोदी केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हैं तो कभी सरकार का कोई मंत्री उनकी बातों का एनकाउंटर करता है। ये सिलसिला यहीं खत्म नहीं होता। इसी कड़ी में आज वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने पहले मोदी पर हमला बोला, फिर चिदंबरम की बातों को काटते हुए बीजेपी के नेता यशवंत सिन्हा ने बयान दिया। चिदंबरम ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री तथ्यों के साथ फर्जी एनकाउंटर करते हैं। गौरतलब है कि मोदी ने कहा था कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार में देश की विकास दर सबसे ज्यादा थी। चिदंबरम ने एक बयान में कहा, 'समझ नहीं आता कि नरेंद्र मोदी तथ्यों के साथ फर्जी एनकाउंटर क्यों करते हैं। अंतत: तथ्य सामने आ ही जाते हैं।' उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के समय देश की औसत विकास दर 6 फीसद थी। रविवार को मोदी ने कहा था, 'मैं अपने कांग्रेस मित्रों को कहना चाहता हूं कि आप इस बात पर सहमत होंगे कि वाजपेयी सरकार के समय 8.4 फीसद की विकास दर थी लेकिन आज इस सरकार के तहत 4.8 फीसद है।' पी. चिदंबरम के बयान पर तत्काल प्रक्रिया देते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा कि चिदंबरम तथ्यों के साथ आतंकवाद करते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि अगर मोदी फेंकू हैं तो चिदंबरम सुपर फेंकू। मोदी के इस दावे पर हमला करते हुए चिदंबरम ने कहा कि यूपीए 1 के कार्यकाल के दौरान औसत विकास दर 8.4 फीसद थी। अगर स्वर्णिम काल था तो वह यूपीए 1 के दौरान ही था। वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि दशक के दो साल सबसे ज्यादा खराब रहे एक 2001-02 (4.3 फीसद) और 2002-03 (4 फीसद)। इन दोनों सालों में बीजेपी की सरकार रही।

Thursday, 19 September 2013

दो-तीन सप्ताह में नीचे आएंगे प्याज के दाम: शरद पवार

कृषि मंत्री शरद पवार ने कहा है कि प्याज कीमतों में दो-तीन सप्ताह में महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से नई फसल की आवक शुरू होने के बाद गिरावट आएगी। इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। पवार ने साक्षात्कार में कहा कि किसानों और व्यापारियों से बात करने के बाद मेरा अपना आकलन है कि अगले दो-तीन सप्ताह में नई खरीफ फसल की आवक में उल्लेखनीय रूप से इजाफा होगा जिससे प्याज कीमतों में गिरावट आएगी। कृषि मंत्री ने कहा कि सीमित मात्रा में आयातित प्याज के आने तथा न्यूनतम निर्यात मूल्य फिर से लगाए जाने के बाद प्याज का निर्यात घटा है जिससे आपूर्ति की स्थिति में भी सुधार होगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में प्याज की जमाखोरी के लिए उनका दल जिम्मेदार नहीं है। महाराष्ट्र सबसे बड़ा प्याज उत्पादक राज्य है जो अधिकतम फसल का भंडारण करता है जिसका इस्तेमाल कम उपलब्धता के दिनों में होता है। देश के थोक और खुदरा बाजारों में प्याज की कीमतों में काफी तेजी आई है। राष्ट्रीय राजधानी के खुदरा बाजार में प्याज 70 से 80 रुपये किलो बिक रहा है। एक साल पहले इसका दाम 22 रुपये किलो था। पवार ने कहा कि प्याज कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ी है, जबकि अन्य खाद्य वस्तुओं मसलन चावल और गेहूं के दाम स्थिर बने हुए हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि भारी बारिश की वजह से प्याज कीमतों पर दबाव है। आंध्र प्रदेश तथा कर्नाटक में खरीफ फसल को निकालने का काम शुरू हो गया है, लेकिन बारिश की वजह से इसके परिवहन में दिक्कत आ रही है।

Monday, 16 September 2013

आडवाणी ने की मोदी की जमकर तारीफ, नाराजगी हुई खत्म!

कोरबा। भाजपा में नरेंद्र मोदी को पीएम प्रत्याशी चुने जाने से नाराज चल रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी सोमवार को कोरबा की एक रैली में मोदी की तारीफ करते दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि मोदी ने जिस तरह से पूरे प्रदेश में विकास किया है वह काबिले तारीफ है। उन्होंने पूरे प्रदेश में बिजली की आपूर्ति सुचारू करने के लिए भी मोदी को बधाई भी दी। आज की इस रैली से आडवाणी ने जिस तरह से नाराजगी खत्म होने के संकेत दिए हैं वह पार्टी के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। कोबरा की रैली को संबोधित करते हुए जैसे ही उनके मुंह से नरेंद्र मोदी का नाम निकला तो वहां मौजूद लोगों ने भी शोर कर इसका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह की भी जमकर तारीफ की। राज्य में हुए विकास को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री की पीठ थपथपाई। उन्होंने प्रदेश की सरकारों को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभी और कदम उठाए जाने की कोशिशों पर जोर दिया। आडवाणी ने कहा कि मौजूदा समय में आईटी के क्षेत्र में भी बेहद ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने वहां मौजूद बच्चों को भी इस ओर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने इंटरनेट के अविष्कार को सदी का सबसे बड़ा अविष्कार बताते हुए कहा कि बच्चों को इससे ज्यादा से ज्यादा जुड़ना चाहिए। भाजपा ने देश का ध्यान भटकाया : नीतीशवहीं, दूसरी तरफ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा पर देश का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। नीतीश ने कहा कि भाजपा ने देश का ध्यान भटकाने का काम किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष का नुकसान भी हुआ है। नीतीश ने लालू प्रसाद यादव और भाजपा के बीच अंदर से गठजोड़ का आरोप भी लगाया।

Thursday, 5 September 2013

2017 तक गुजरात की करूंगा सेवा, PM नहीं बनना: मोदी

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि उनकी 2017 तक गुजरात के लोगों की सेवा करने की योजना है। अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार माने जा रहे मोदी ने कहा कि मैं 2017 तक अपने लोगों की सेवा करूंगा। वर्ष 2012 में पांच साल के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री पद पर दोबारा निर्वाचित हुए मोदी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों के एक समूह के समक्ष यह बात कही।

Tuesday, 3 September 2013

सेवादार शिवा का खुलासा, लड़कियों से अकेले में मिलते थे आसाराम

आसाराम और उनके वफादारों पर जैसे जैसे शिकंजा कसता जा रहा है वैसे ही रोज नए-नए राज खुलते जा रहे हैं। मंगलवार को जब पुलिस ने आसाराम के खास सेवक शिवा से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने कई राज खोले। सेवादार शिवा ने बताया कि आसाराम लड़कियों से अकेले में ही मिलते थे। कहा तो यहां तक जा रहा है कि शिवा रात के समय उस कुटिया के बाहर चौकीदारी करता था, जिसमें आसाराम महिलाओं के साथ मौजूद होते थे। इससे पहले सूत्रों ने बताया था कि वॉर्डन शिल्पी नियमित रूप से छात्राओं एवं अन्य महिलाओं को आसाराम के पास भेजती थी। खुद शिल्पी के कई वर्षो तक आसाराम के साथ संबंध रहे हैं। शिल्पी के कार्यकुशलता से खुश होकर आसाराम ने उसे गुरुकुल की वॉर्डन बनाने के साथ ही अहमदाबाद और दिल्ली में घर दिलवाया गया था। वहीं, आसाराम के वकील ने लड़की को बालिग बताते हुए कहा कि उसकी उम्र की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूल में दर्ज उसकी जन्मतिथि गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि आसाराम को जेल का खाना नहीं दिया जाना चाहिए और उन्हें पूजा पाठ का सामान लाने की अनुमति मिलनी चाहिए। गौरतलब है कि आज आसाराम की जमानत पर सुनवाई होनी है।

Wednesday, 28 August 2013

नरेंद्र मोदी से मिले जेडीयू सांसद निषाद, PM के तौर पर किया समर्थन

जेडीयू ने भले ही बीजेपी से रिश्ता तोड़ लिया है, लेकिन उसके कुछ नेता अभी मोदी-मोह नहीं छोड़ पा रहे. बिहार के मुजफ्फरपुर के जेडीयू सांसद जयनारायण प्रसाद ’निषाद’ ने हाल ही में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और प्रधानमंत्री के दावेदार के तौर पर उनका पुरजोर समर्थन किया. निषाद ने मंगलवार को पीटीआई से कहा, 'तीन दिन पहले मैंने नरेंद्र मोदी से उनके गांधीनगर दफ्तर में मुलाकात की थी और हमने बिहार के और देश के राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की.' निषाद इससे पहले भी मोदी के प्रति समर्थन जता चुके हैं और इसी साल मार्च में उनके लिए यज्ञ भी करवा चुके हैं. उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि जिस तरह से मोदी जी ने गुजरात की जनता की सेवा की है, वह देश की गरीब जनता की सेवा के लिए सबसे उचित दावेदार हैं. देश का अगला प्रधानमंत्री उन्हें ही बनना चाहिए.' जेडीयू की ओर से किसी तरह की कार्रवाई की आशंका के सवाल पर उन्होंने कहा, ' मैं पहले भी मैं पांच बार पार्टी बदल चुका हूं और फिर भी मैं पांच बार मुजफ्फरपुर से लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुआ. इसलिए मुझे इस बात का कोई डर नहीं है कि कोई भी पार्टी मेरे खिलाफ क्या कार्रवाई करेगी.' जेडीयू ने मोदी की वजह से ही भाजपा से अपना 17 साल पुराना गठबंधन तोड़ा है. रिश्ते में दरार आने के बाद कभी गलबहियां करने वाले बीजेपी और जेडीयू के नेता अब एक दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहा रहे हैं. ऐसे में निषाद की यह मुलाकात जेडीयू में बगावत के बीज बो सकती है.

Tuesday, 27 August 2013

गिरफ्तारी के डर से ध्यान में चले गए आसाराम!

नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण के आरोपों से घिरे धार्मिक गुरू आसाराम बापू को समन देने के लिए जोधपुर पुलिस का दो सदस्यीय दल इंदौर स्थित आश्रम पहुंचा, लेकिन आसाराम ने समन लेने से मना कर दिया. जानकारी के मुताबिक, उनके आश्रम के अधिकारी ने समन लेने से मना कर दिया और कहा कि बापू ध्यान में चले गए हैं. भवरकुंआ पुलिस के सूत्रों ने बताया कि जोधपुर पुलिस के दल में एक सब-इंस्पेक्टर और एक सिपाही शामिल हैं. उन्होंने बताया कि नोटिस बापू को अबतक थामाया नहीं जा सका है. आश्रम के लोगों का कहना है कि आसाराम बापू फिलहाल ध्यान में हैं. विदेश भागेंगे आसाराम? लुक आउट सर्कुलर होगा जारी उधर, इन सबके बावजूद आसाराम की मुश्किलें फिलहाल खत्म होती नहीं दिख रही हैं. जोधपुर पुलिस आसाराम पर देश छोड़ने पर रोक लगाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए पुलिस आसाराम के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी कर सकती है. सूत्रों ने बताया कि इस नोटिस में आसाराम बापू से कहा गया है कि वे नाबालिग लड़की के साथ कथित यौन शोषण के मामले में पूछताछ के लिए हाजिर हों. 30 अगस्त या उससे पहले उन्हें अपना बयान दर्ज कराने को कहा गया है. पुलिस पर उठने लगे सवाल आसाराम के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज हुए सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन उनकी गिरफ्तारी तो दूर अभी तक पूछताछ के लिए समन थमाने का दौर ही चल रहा है. कभी पुलिस आसाराम से रेप की धारा हटाने की बात कहती है तो कभी इससे मुकरती है. अब पुलिस के टालमटोल रवैये से उस पर ही सवाल उठने शुरू हो गए हैं कि क्या वो आसाराम के प्रति नरम रवैया अपना रही है. आसाराम के खिलाफ नेता भी कूदे, आतंकी हाफिज सईद से तुलना वहीं दूसरी तरफ, राजनीतिक दल भी आसाराम के खिलाफ आ गए हैं और उनकी तुलना पाकिस्तानी आतंकी हाफिज सईद से की जा रही है. सोमवार को जहां संसद में जेडीयू अध्यक्ष शरद यादव ने आसाराम के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग उठाई. वहीं, मंगलवार को उनकी ही पार्टी के सांसद अली अनवर ने आसाराम की तुलना हाफिज सईद से कर डाली. राजस्थान सरकार पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि “हिंदुस्तान की सरकार ऐसे आदमी पर कार्रवाई करने से डर रही है, जो अनाप-शनाप बोलता है. जिस पर नाबालिग से रेप करने का आरोप है. ऐसे लोगों पर आप हाथ नहीं लगा पा रहे हैं और हाफिज सईद के लिए दूसरों की आलोचना करते हैं. ये तो वही हुआ ना, जो गति मोरि, वो गति तोरि”. एसपी ने भी आसाराम पर करारा प्रहार किया. पार्टी सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा, 'आसाराम कोई संत या महात्मा नहीं है, सिर्फ कथावाचक है. राजस्थान पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है ये समझ के बाहर है. पुलिस को कानून के तहत काम करना चाहिए.' इधर, शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, 'चाहे वो आसाराम हो या फिर कोई और संत हो, महंत हो, राजनेता हो या फिर उद्योगपति. अगर इस प्रकार की घटना हुई है तो कानून सबके लिए एक समान है. पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.' इस मामले पर बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मामले की जांच होनी चाहिए. कोई भी कानून से ऊपर नहीं है. गौर करने वाली बात ये भी है कि उमा भारती और उनकी ही पार्टी के कई अन्य नेता आसाराम का बचाव कर चुके हैं. सीपीआई नेता गुरुदास दासगुप्ता ने मंगलवार को फिर आसाराम पर हमला बोला. उन्होंने कहा, आसाराम ने जो किया वो शर्मनाक है. उन्हें तो फांसी होनी चाहिए